शिलचर, 15 जुलाई।
कछार जिले के शिलकुड़ी क्षेत्र अंतर्गत दुर्गाकुना जीपी के शांति कॉलोनी निवासी वृद्ध बीर चरण दास आज भी अपने परिवार के साथ एक अत्यंत जर्जर और जोखिमपूर्ण कच्चे मकान में रहने को विवश हैं। मकान की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इसकी मिट्टी की दीवारें कई बार भरभराकर गिर चुकी हैं। कई अवसरों पर वह और उनके परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
बरसात के मौसम में उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। हल्की बारिश होते ही मकान की दीवारें ढहने का खतरा मंडराने लगता है, जिससे पूरा परिवार लगातार भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन बिताने को मजबूर है।
बीर चरण दास का कहना है कि इतनी दयनीय स्थिति के बावजूद उन्हें अब तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का घर उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनकी स्थिति को गंभीरता से देखते हुए शीघ्र ही योजना के अंतर्गत सुरक्षित आवास प्रदान किया जाए, ताकि उनका परिवार सम्मानपूर्वक और सुरक्षित जीवन व्यतीत कर सके।
वहीं, स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मानवीय आधार पर इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे जरूरतमंद परिवार को प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाना चाहिए, ताकि किसी संभावित दुर्घटना से पहले उनके सुरक्षित आवास की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।