विशेष प्रतिनिधि गुवाहाटी/दिसपुर, 4 जुलाई। गुवाहाटी में बारिश के दौरान होने वाली जलभराव (कृत्रिम बाढ़) की समस्या के स्थायी समाधान के लिए असम सरकार ने अपनी कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में आवास एवं शहरी कार्य विभाग के मंत्री कौशिक राय ने लगातार दो दिनों तक महानगर के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
शुक्रवार को मंत्री ने अनिल नगर, तरुण नगर, एबीसी सहित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्थानों पर लगाए गए जल निकासी पंपों की स्थिति, नालों की कार्यक्षमता तथा वर्षा जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्होंने बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव की समस्या से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रगति का भी आकलन किया।
शनिवार सुबह मंत्री ने जालुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मालीगांव और आसपास के इलाकों का दौरा किया। यहां उन्होंने नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था तथा अन्य संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए गुवाहाटी नगर निगम, गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए), भारतीय रेल, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों को समन्वय के साथ आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मंत्री कौशिक राय ने कहा कि वर्षा के दौरान गुवाहाटी के नागरिकों को जलभराव के कारण किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े, यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के प्रयासों को सफल बनाने में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
शुक्रवार के निरीक्षण के दौरान न्यू गुवाहाटी विधानसभा क्षेत्र के विधायक दीप्लु रंजन शर्मा, जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अम्बातुन एम. पी., गुवाहाटी नगर निगम के आयुक्त चिन्मय फुकन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं शनिवार के निरीक्षण में आवास एवं शहरी कार्य विभाग की आयुक्त एवं सचिव कविता पद्मनाभन, जीएमडीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अम्बातुन एम. पी., जीएमसी आयुक्त चिन्मय फुकन तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।