डिब्रूगढ़: विश्व की अग्रणी संचार एवं नेतृत्व विकास संस्था टोस्टमास्टर्स इंटरनेशनल से संबद्ध टोस्टमास्टर्स क्लब ऑफ डिब्रूगढ़ की 16वीं कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं स्थापना समारोह शुक्रवार को डिब्रूगढ़ स्थित जिमखाना क्लब में आयोजित किया गया। इसके साथ ही नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के लिए टोस्टमास्टर्स लीडरशिप इंस्टीट्यूट (TLI) के अंतर्गत नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। समारोह में क्लब की तत्कालीन अध्यक्ष व अपेक्षा हॉस्पिटल की निदेशक सिल्की अग्रवाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने नई टीम को बधाई देते हुए नेतृत्व, प्रभावी संवाद और सेवा भावना के मूल्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष व ब्रह्मपुत्र क्रैकर एंड पॉलिमर लिमिटेड (BCPL) में चीफ मैनेजर (कॉन्ट्रैक्ट्स एवं प्रोक्योरमेंट) अरुणज्योति दत्त ने सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए क्लब में सदस्य सहभागिता बढ़ाने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और निरंतर सीखने की संस्कृति को मजबूत करने का संकल्प व्यक्त किया।शपथ ग्रहण समारोह के बाद आयोजित टोस्टमास्टर्स लीडरशिप इंस्टीट्यूट (TLI) में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न पदों की भूमिका, नेतृत्व कौशल, कार्यप्रणाली और क्लब के सफल संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का समापन नई कार्यकारिणी के सदस्यों द्वारा क्लब को संचार कौशल और नेतृत्व विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ हुआ। आयोजकों ने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में टोस्टमास्टर्स क्लब ऑफ डिब्रूगढ़ आगामी कार्यकाल में भी उत्कृष्ट कार्य करता रहेगा।