शिलचर, 26 जुलाई। काछार जिले के उधारबंद के पानग्राम स्थित केडी इंडस्ट्री में रविवार सुबह करीब 11 बजकर 3 मिनट पर हुए भीषण विस्फोट में चार श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान किरण मुंडा, अप्पू बड़ाइक, श्यामल गोंड़ और दिवानंद नाथ के रूप में हुई है। घायल श्रमिक विनोद बर्मन का उपचार चल रहा है।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने इंडस्ट्री के सामने प्रदर्शन कर मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूर्व विधायक मिहिर कांति सोम की मध्यस्थता के बाद स्थिति शांत हुई। इसके बाद मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।
बाद में घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे मंत्री कौशिक राय ने कहा कि विस्फोट के वास्तविक कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच के लिए मजिस्ट्रेट स्तर की जांच, श्रम विभाग द्वारा अलग से जांच तथा गुवाहाटी से विशेषज्ञों की टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हादसे में मृत प्रत्येक श्रमिक के परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, केडी इंडस्ट्री प्रबंधन की ओर से भी मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही गई है। प्रशासन ने घटना के कारणों का पता लगाने और जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।