प्रे. स. शिलचर, 06 जूलाई:
काछार पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। शिलचर सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस ने तीन कथित ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से कुल 522 संदिग्ध नशीले पदार्थ से भरे वायल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, रंगीरखाड़ी पुलिस चौकी की टीम ने सैदिपुर पार्ट-4 निवासी फरीदा बेगम बड़भुइयां को गिरफ्तार कर उसके पास से 400 वायल बरामद किए।
वहीं, तारापुर ट्रैफिक आउटपोस्ट की टीम ने मधुरबंद क्षेत्र के चांदमियां लस्कर (50) को 30 वायल के साथ गिरफ्तार किया।
इसके अलावा, घुंघुर पुलिस चौकी की कार्रवाई में बेतुकांदी निवासी लालन मियां (35) को 92 वायल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद सभी संदिग्ध मादक पदार्थों को एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिसम्मत तरीके से जब्त कर लिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कछार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और कारोबार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।