असम विश्वविद्यालय में प्रवेश के नाम पर धन लेनदेन के आरोप, निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच की मांग

प्रेरणा ब्यूरो शिलचर, 06 जूलाई: बराक घाटी के एकमात्र केंद्रीय एवं प्रतिष्ठित असम विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पिछले कुछ वर्षों से विश्वविद्यालय में दाखिले के नाम पर कथित अवैध धन लेनदेन के आरोप समय-समय पर सामने आते रहे हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।

ताजा आरोप के अनुसार, मास्टर डिग्री (एमए/एमएससी आदि) में प्रवेश के लिए एक सीट कथित रूप से भारी रकम लेकर बेचे जाने का दावा किया गया है। इस मामले में एक छात्र संगठन के अध्यक्ष राज किंकर चक्रवर्ती का नाम भी आरोपों के साथ सामने आया है।

घटना को लेकर विभिन्न स्तरों पर निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यापक जांच की मांग उठने लगी है। मांग की जा रही है कि पूरे मामले की गहन जांच कर यदि किसी की संलिप्तता पाई जाती है, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।

नोट: फिलहाल ये आरोप सार्वजनिक रूप से सामने आए हैं। संबंधित पक्ष की ओर से इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया गया है। जांच पूरी होने तक किसी भी व्यक्ति को दोषी नहीं माना जा सकता।

Leave a Comment