असम भाषिक अल्पसंख्यक विकास परिषद की पहल पर शिलचर में जिला स्तरीय रवीन्द्र संगीत एवं रवीन्द्र नृत्य प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न
शिलचर, 31 मई। गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर की 165वीं जयंती के उपलक्ष्य में असम भाषिक अल्पसंख्यक विकास परिषद के तत्वावधान में रविवार को सरकारी उच्चतर माध्यमिक बालिका विद्यालय, शिलचर में जिला स्तरीय रवीन्द्र संगीत एवं रवीन्द्र नृत्य प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। सांस्कृतिक वातावरण से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर रवीन्द्र साहित्य और संगीत की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक किशोर नाथ, विधायक राजदीप ग्वाला, डॉ. विभास देव, अभ्रजीत चक्रवर्ती (झलक), सांस्कृतिक अधिकारी स्नेयांशु शेखर राय, पुलक दास, अरिंदम भट्टाचार्य, समाजसेवी स्वर्णाली चौधरी तथा विद्यालय की अध्यक्षा बनिया दास द्वारा मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
जिला संयोजक भास्कर दास ने बताया कि परिषद के अध्यक्ष शिलादित्य देव के प्रयासों से पिछले चार वर्षों से बराक घाटी के तीनों जिलों में इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता से चयनित 18 प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
अपने संबोधन में विधायक किशोर नाथ ने गुरुदेव रवीन्द्रनाथ ठाकुर के जीवन, साहित्य और भारतीय संस्कृति में उनके अमूल्य योगदान पर प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। वहीं विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि इस प्रकार की सांस्कृतिक पहल भविष्य में भी जारी रहेगी और इससे नई पीढ़ी में साहित्य, संगीत एवं संस्कृति के प्रति रुचि और अधिक विकसित होगी।
कार्यक्रम में संदीपन दत्त पुरकायस्थ, मिताली दास, झिमली नाथ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं सांस्कृतिक प्रेमी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने रवीन्द्र संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया तथा गुरुदेव की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।