कनकपुर रोड पर रंगीरखाल के ऊपर नए पक्के पुल का ढलाई कार्य का पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने किया शुभारंभ
शिलचर, 2 जून। शिलचर के कनकपुर रोड द्वितीय खंड स्थित रंगीरखाल के ऊपर निर्माणाधीन नए पक्के पुल के कार्य का मंगलवार दोपहर पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती ने निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों के अनुरोध पर उन्होंने स्वयं पुल की ढलाई प्रक्रिया का शुभारंभ करते हुए सीमेंट मिश्रण डालकर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
इस अवसर पर दीपायन चक्रवर्ती ने कहा कि विधायक रहते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में संचालित मुख्यमंत्री नगरीय पक्का पथ निर्माण योजना के तहत वर्ष 2023-24 में इस पुल के निर्माण के लिए 40 लाख रुपये की स्वीकृति दिलाई थी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रंगीरखाल के दोनों किनारों पर गार्ड वॉल का निर्माण पूरा होने के बाद शिलचर शहर में जलजमाव की समस्या काफी हद तक कम होगी।
उन्होंने इस परियोजना को साकार करने में सहयोग देने के लिए कनकपुर रोड क्षेत्र के सभी नागरिकों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
स्थानीय कनक संघ क्लब की ओर से धीरेंद्र दास और प्रदीप डे ने बताया कि वर्ष 2022 की विनाशकारी बाढ़ के दौरान तत्कालीन सांसद एवं वर्तमान विधायक राजदीप रॉय की उपस्थिति में दीपायन चक्रवर्ती ने पुराने पुल के स्थान पर नया पुल बनाने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक ने अपने उस वादे को पूरी तरह निभाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा इससे कनकपुर और आसपास के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल के लिए क्षेत्रवासी पूर्व विधायक के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेंगे।
निरीक्षण कार्यक्रम में मिथुन दत्ता, रंजीत राय, पार्थ राय, मान्ना दास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। निर्माण कार्य वर्तमान में प्रगति पर है और स्थानीय लोगों ने इसे शीघ्र पूरा करने की मांग की है।