ऑपरेशन ‘सतर्क’: गोसाईगांव हाट रेलवे स्टेशन पर लावारिस बैग से 70 बोतल अवैध शराब बरामद

​कोकराझार 21 अगस्त :

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के अलीपुरद्वार मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट कोकराझार के अधीन आरपीएफ आउटपोस्ट गोसाईगांव हाट रेलवे स्टेशन की टीम ने ‘ऑपरेशन सतर्क’ के तहत कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से भारी मात्रा में लावारिस शराब बरामद की है।

​मिली जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की एक विशेष टीम, जिसमें एसआईपीएफ ए. के. मलाकार, एएसआई अमल राय और हेड कांस्टेबल डी. के. नर्जरी शामिल थे, स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों, नशाखुरानी, मानव तस्करी व प्रतिबंधित सामानों की रोकथाम को लेकर सघन तलाशी अभियान चला रही थी।

 प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर गश्त के दौरान टीम की नजर लावारिस पड़े दो पिठू बैगों पर पड़ी। लगभग 30 मिनट तक निगरानी रखने और आसपास मौजूद यात्रियों से पूछताछ के बावजूद जब किसी ने बैग पर अपना दावा नहीं किया, तब गवाहों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली गई।

​तलाशी के दौरान दोनों बैगों से “ऑफिसर्स चॉइस प्रीमियम व्हिस्की” की कुल 70 बोतलें बरामद हुईं। इनमें 375 मिलीलीटर की 20 बोतलें और 180 मिलीलीटर की 50 बोतलें शामिल हैं, जो केवल असम में बिक्री के लिए मान्य थीं। बरामद शराब का कुल अनुमानित बाजार मूल्य लगभग ₹7,650 आंका गया है।

​आरपीएफ ने सभी शराब की बोतलों को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग (Excise), गोसाईगांव को सौंप दिया। आबकारी विभाग ने इस संबंध में असम आबकारी अधिनियम 2000 की धारा 53(1)ए के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

गोपाल प्रसाद 

कोकराझार 

Leave a Comment