एएसआरएलएम कैडरों ने मासिक वेतन समेत 13 सूत्रीय मांगों को लेकर मिशन निदेशक को सौंपा ज्ञापन

राजू दे, शिलचर, 13 जुलाई: असम स्टेट रूरल लाइवलीहुड्स मिशन (एएसआरएलएम) के कैडरों ने मासिक निश्चित वेतन लागू करने तथा विभिन्न सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर राज्य मिशन निदेशक को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन कछार जिले के एएसआरएलएम कैडरों की ओर से प्रस्तुत किया गया।

ज्ञापन में कहा गया है कि एएसआरएलएम के कैडर लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन आज तक उनके लिए निश्चित मासिक वेतन की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे उन्हें आर्थिक और कार्यगत कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कैडरों ने 13 सूत्रीय मांगों के तहत शीघ्र मासिक वेतन निर्धारित करने, समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने, महंगाई के अनुरूप पारिश्रमिक बढ़ाने, डेटा एंट्री कार्य में लगे कर्मियों को लैपटॉप अथवा टैब उपलब्ध कराने, स्कूटी बीमा का नवीनीकरण, यात्रा भत्ता बढ़ाने, स्वास्थ्य बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने, शिकायत निवारण की प्रभावी व्यवस्था करने, मोबाइल डेटा भत्ता बढ़ाने तथा अवकाश के दिनों में अनावश्यक अतिरिक्त कार्यभार नहीं देने सहित अन्य मांगें उठाई हैं।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि यदि इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिया जाता है, तो कैडरों का कार्य वातावरण बेहतर होगा और राज्यभर में एएसआरएलएम की विभिन्न योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। अब एएसआरएलएम के कैडरों की नजर राज्य मिशन निदेशक के निर्णय पर टिकी हुई है।

Leave a Comment