गुवाहाटी से इंफाल भेजी गई १५.४७ लाख रुपये की शीतल पेय की खेप गायब

 कछार हाइलाकांदी पुलिस के संयुक्त अभियान में ११०० कार्टन बरामद, एक गिरफ्तार

प्रतिनिधि हाइलाकांदी, १३ जुलाई : गुवाहाटी से मणिपुर के इंफाल भेजी गई लगभग १५ लाख ४७ हजार रुपये मूल्य की शीतल पेय की खेप के रहस्यमय ढंग से गायब होने के मामले में कछार और हाइलाकांदी जिला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दोनों जिलों की पुलिस के संयुक्त अभियान में हैलाकांडी जिले के विभिन्न स्थानों से कुल ११०० कार्टन शीतल पेय बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है जबकि ट्रक चालक सहित कई अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि इस घटना के पीछे माल की हेराफेरी करने वाला एक संगठित गिरोह सक्रिय था।पुलिस सूत्रों के अनुसार मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले के एक व्यापारी ने गुवाहाटी से ए. एस. ०१के.९३१७ नंबर के ट्रक में कोका कोला कंपनी के ११०० कार्टन शीतल पेय इंफाल भेजे थे। इस खेप का अनुमानित मूल्य लगभग १५  लाख ४७ हजार रुपये था। निर्धारित समय पर ट्रक के गंतव्य तक नहीं पहुंचने पर व्यापारी को संदेह हुआ। बाद में कछार जिले के लक्ष्मीपुर थाना क्षेत्र के उजान तारापुर इलाके से पुलिस ने ट्रक को लावारिस अवस्था में बरामद किया।व्यापारी की शिकायत के आधार पर लक्ष्मीपुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिले विभिन्न साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर लक्ष्मीपुर पुलिस ने हाइलाकांदी सदर थाना पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया।हाइलाकांदी सदर थाना के प्रभारी (ओसी) पॉल लालहिमसांग के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान जिले के अल्गापुर पार्ट २ तथा बोयालीपार पार्ट२ क्षेत्रों में एक साथ तलाशी ली गई। अभियान में अल्गापुर पार्ट-२  निवासी दिलवार हुसैन के घर से  ५०० कार्टन तथा बोयालीपार पार्ट-२ स्थित मुक्तादुर रहमान चौधरी के गोदाम से ६०० कार्टन शीतल पेय बरामद किए गए। इस प्रकार गायब हुए सभी ११०० कार्टन बरामद कर लिए गए।

अभियान के दौरान बोयालीपार क्षेत्र के गोदाम मालिक मुक्तादुर रहमान चौधरी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं अन्य दो आरोपी दिलवार हुसैन और तैबुर रहमान पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए। ट्रक चालक भी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। रविवार को गिरफ्तार आरोपी को लक्ष्मीपुर न्यायालय में पेश किया गया जहां अदालत ने उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह केवल साधारण चोरी का मामला नहीं बल्कि पूर्व नियोजित तरीके से माल का गबन करने का एक संगठित प्रयास था। जांच अधिकारियों का मानना है कि ट्रक चालक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस पूरे मामले में उसकी प्रत्यक्ष संलिप्तता हो सकती है। बरामद शीतल पेय को किन लोगों के निर्देश पर विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखा गया तथा इस गिरोह में और कौन कौन लोग शामिल हैं इसकी गहन जांच की जा रही है।पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस मामले से जुड़े बड़े गिरोह की पहचान कर उसे कानून के दायरे में लाने के उद्देश्य से जांच और तेज कर दी गई है। पुलिस को उम्मीद है कि जांच पूरी होने के बाद इस चर्चित माल गबन कांड के पीछे सक्रिय पूरे गिरोह का पर्दाफाश होगा।

Leave a Comment