नासिक में अशोका हेल्थ सिटी का उद्घाटन, उत्तर महाराष्ट्र को मिलेगी आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं

एजेंसी संवाददाता नासिक (महाराष्ट्र): लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने महाराष्ट्र के नासिक में अशोका हेल्थ सिटी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य परिसर उत्तर महाराष्ट्र के नागरिकों को आधुनिक, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के प्रथम चरण में सुपर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, कैंसर हॉस्पिटल, मदर एंड चाइल्ड हॉस्पिटल के साथ-साथ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल शिक्षा संस्थानों की स्थापना की गई है। Ashoka Institute of Medical Sciences & Research Centre (AIMSAR) द्वारा विकसित यह पहल सेवा, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरक उदाहरण है।

ओम बिड़ला ने कहा कि ऐसे संस्थान न केवल बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराते हैं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को भी नई दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत, जन औषधि, डिजिटल स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार जैसी योजनाओं से देश की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सशक्त हो रही हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अशोका हेल्थ सिटी उत्कृष्ट उपचार, चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और जनसेवा के माध्यम से लाखों लोगों के जीवन में नई आशा का संचार करेगी तथा विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

Leave a Comment