उधारबंद संच के मैदानविल में वन यात्रा कार्यक्रम संपन्न

उधारबंद संच के मैदानविल में वन यात्रा कार्यक्रम संपन्न

उधारबंद संच के मैदानविल गांव में 13 मई 2026 को समिति द्वारा वन यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के 7 सदस्य एवं 3 अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ बच्चों द्वारा मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। “ॐ” के पवित्र उच्चारण के बीच कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय एवं सकारात्मक बन गया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने दोहे, देशभक्ति गीत तथा सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। समिति की ओर से बताया गया कि बच्चों को नियमित रूप से शिक्षा के साथ-साथ हस्तकला, स्वास्थ्य जागरूकता एवं स्वावलंबन की भी प्रशिक्षणात्मक शिक्षा दी जाती है, ताकि उनका सर्वांगीण विकास हो सके।

इस अवसर पर बच्चों ने अपने हाथों से कागज से तैयार किए गए आकर्षक फूल अतिथियों को भेंट किए। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों के बीच बिस्किट, कपड़े, टोपी, पेंसिल एवं रबर वितरित किए गए। अंततः सभी ने एक-दूसरे से विदा लेकर वन यात्रा कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न किया और अपने-अपने घरों के लिए प्रस्थान किया।

— विनीता खंडेलवाल
मीडिया प्रभारी

Leave a Comment