उधारबंद में युवक की संदिग्ध मौत पर तनाव, दो आरोपी गिरफ्तार

उधारबंद में युवक की संदिग्ध मौत पर तनाव, दो आरोपी गिरफ्तार

प्रेरणा भारती संवाददाता, उधारबंद।
उधारबंद के दुर्गानगर पंचम खंड (लक्ष्मीरबंद) क्षेत्र में एक युवक की कथित सामूहिक पिटाई के बाद हुई मौत को लेकर इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। मृतक के छोटे भाई राजू लस्कर की शिकायत पर पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दयापुर द्वितीय खंड निवासी सफीकुर রহমান बड़भुइयां (74) तथा उधारबंद बैंक रोड निवासी शुभम मालाकार (36) के रूप में हुई है।

घटना बीते सोमवार शाम करीब पांच बजे उधारबंद मछली बाजार में हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृत युवक एकलास उद्दीन लस्कर (42) ने सफीकुर রহমান से अपने बकाया पैसे की मांग की थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि विवाद के दौरान एकलास ने मछली काटने वाला दा उठाकर सफीकुर को मारने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद मछली व्यवसायियों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद कुछ लोगों ने एकलास की जमकर पिटाई की तथा वजन मापने वाले पत्थर से भी हमला किया।

घटना के बाद सफीकुर রহমান उधारबंद थाने पहुंचकर अपने साथ मारपीट किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। दूसरी ओर, भय के कारण एकलास वहां से भागकर नदी पार अपने घर चला गया। अगले दिन पुलिस उसके घर पहुंची, लेकिन उसकी हालत गंभीर देखकर उसे घर पर ही छोड़ दिया गया। बताया जाता है कि वह घर में अकेला रहता था।

बुधवार को पड़ोसियों ने उसे अंतिम बार घर से बाहर निकलते देखा था। गुरुवार सुबह करीब दस बजे तक जब घर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तब परिजनों ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और एकलास को मृत अवस्था में पाया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी के बाहर रहने के कारण दायित्वप्राप्त एसआई कांजीलाल थाउसें घटनास्थल पहुंचे। प्रारंभ में परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार नहीं हुए और घटना में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बाद में सर्किल ऑफिसर ऋतुराज बरदलै के आश्वासन के बाद परिजन राजी हुए। मजिस्ट्रेट इंक्वेस्ट के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा गया।

शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव थाने लाया गया, तब बड़ी संख्या में स्थानीय लोग वहां एकत्रित हो गए। मृतक के चचेरे भाई सरिमुल लस्कर ने बताया कि उधारबंद के पुलिस अधिकारी एस.एम. तिमुंग ने सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल परिवार शव का अंतिम संस्कार करेगा, लेकिन यदि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेंगे।

मृतक की पत्नी अंबिना खातून ने भी अपने पति की मौत के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।

Leave a Comment