शिलचर में बारिश के साथ जलभराव की समस्या गंभीर, अव्यवस्थित विकास को ठहरा रहे जिम्मेदार
शिलचर। बरसात के मौसम में एक बार फिर शिलचर शहर जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। लगातार हो रही भारी वर्षा के कारण शहर की प्रमुख नदीनुमा नालियों—रंगीरखाल और लंगाईखाल—का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसके चलते न्यू शिलचर क्षेत्र सहित राष्ट्रीय राजमार्ग के महत्वपूर्ण हिस्सों में व्यापक जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है। घंटों तक जाम लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, वहीं व्यापारिक गतिविधियों पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कई इलाकों में लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो गया है।
हालांकि प्रशासन की ओर से खालों की सफाई का कार्य शुरू किया गया है, लेकिन लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण इसका तत्काल प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि विकास परियोजनाओं की उचित योजना नहीं बनने, कार्यान्वयन में अनियमितता तथा धीमी कार्यप्रणाली के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
नागरिकों के एक वर्ग ने यह भी आरोप लगाया कि राजनीतिक स्तर पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच आपसी समझौते की राजनीति के कारण शहर की जलनिकासी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का मानना है कि आधारभूत संरचना का विकास केवल चुनावी वादों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे भविष्य की पीढ़ियों के हित से जोड़कर देखा जाना चाहिए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते ठोस और दीर्घकालिक समाधान नहीं निकाला गया, तो संगठित जनआंदोलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।