उधारबंद के आश्रमों में श्रद्धा व भक्ति के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा, सेवा कार्य भी बने आकर्षण

प्रेरणा भारती, संवाददाता निहार कांति राय, उधारबंद।
बुधवार को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर उधारबंद क्षेत्र के विभिन्न अखाड़ों एवं आश्रमों में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के बीच उत्सव धूमधाम से मनाया गया। भाटी ग्राम स्थित श्री श्री रामकृष्ण सारदा सेवा समिति आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

सुबह से ही आश्रम परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। प्रातः 9 बजे से भगवान श्री रामकृष्ण, मां सारदा एवं स्वामी विवेकानंद की विशेष पूजा-अर्चना प्रारंभ हुई। शंखध्वनि और उलुध्वनि से पूरा आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण में गूंज उठा। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे सामूहिक पुष्पांजलि अर्पित की गई, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।

पुष्पांजलि के उपरांत यज्ञ का आयोजन हुआ। इस दौरान भक्तों ने श्री रामकृष्ण, मां सारदा और स्वामी विवेकानंद पर आधारित भक्ति गीत प्रस्तुत किए, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक भाव से ओत-प्रोत हो गया। दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सायंकाल संध्या आरती भी संपन्न हुई।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम के पूर्व अध्यक्ष हरिहर चक्रवर्ती ने गुरु पूर्णिमा के आध्यात्मिक महत्व तथा श्री रामकृष्ण, मां सारदा और स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं आदर्शों पर विस्तृत प्रकाश डाला।

इस अवसर पर आश्रम के अध्यक्ष देवतोष सेन, सचिव किशोर भट्टाचार्य, कोषाध्यक्ष सुजीत दाससोमनाथ देव सहित अनेक गणमान्य श्रद्धालु उपस्थित थे।

प्रेरणा भारती से विशेष बातचीत में अध्यक्ष देवतोष सेन ने बताया कि आश्रम के निर्माण से पहले गुरु पूर्णिमा का आयोजन शिष्यों के घरों में किया जाता था, लेकिन आश्रम बनने के बाद यह पर्व नियमित रूप से आश्रम परिसर में आयोजित किया जा रहा है।

सचिव किशोर भट्टाचार्य ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर समिति प्रतिवर्ष सेवा कार्य भी करती है। इस वर्ष खसपुर जीपी स्थित मिशन की शाखा विवेकानंद पाठ मंदिर में दरिद्र नारायण सेवा का आयोजन किया गया। इसके अलावा कालीबाड़ी रोड के एक अस्वस्थ व्यक्ति को राशन सामग्री उपलब्ध कराई गई, अरुणाबंद क्षेत्र के एक परिवार को सोलर लाइट प्रदान की गई तथा नाक की गंभीर बीमारी से पीड़ित एक बच्चे के उपचार एवं दवाइयों की व्यवस्था भी समिति की ओर से की गई।

Leave a Comment