बकाया पांच माह के प्रोत्साहन राशि की मांग को लेकर रामकृष्णनगर की आशा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 30 जुलाई : रामकृष्णनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आशा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को पांच माह से लंबित प्रोत्साहन राशि (इंसेंटिव) के भुगतान की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से अविलंब सभी बकाया राशि जारी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र भुगतान नहीं किया गया तो वे व्यापक आंदोलन शुरू करेंगी।

आशा कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे पिछले पांच माह से अपने कार्य का प्रोत्साहन राशि नहीं प्राप्त कर सकी हैं, जबकि श्रीभूमि जिले के अन्य सभी स्वास्थ्य केंद्रों की आशा कार्यकर्ताओं को उनका बकाया भुगतान किया जा चुका है। उनका आरोप है कि केवल रामकृष्णनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की आशा कार्यकर्ताओं को ही इस भुगतान से वंचित रखा गया है।

आशा कार्यकर्ताओं की अध्यक्ष मोनिका सूत्रधर ने कहा कि वे लगातार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रही हैं, लेकिन पिछले पांच माह से उन्हें कोई प्रोत्साहन राशि नहीं मिली है। अस्पताल प्रशासन से पूछने पर हर बार एक-दो माह में भुगतान का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को नियमित वेतन नहीं, बल्कि कार्य के आधार पर प्रोत्साहन राशि मिलती है। ऐसे में भुगतान रुक जाने से उनके परिवारों के समक्ष गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

सचिव आबेजान बेगम ने कहा कि मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल से उनकी विनम्र अपील है कि रामकृष्णनगर की आशा कार्यकर्ताओं के साथ हो रहे इस भेदभाव को समाप्त कर उनका पांच माह का बकाया तत्काल जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई, ट्यूशन फीस और घरेलू खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कई बार आधी रात को भी गंभीर मरीजों की सहायता के लिए उन्हें घर से निकलना पड़ता है, लेकिन इसके बावजूद उनकी मेहनत का उचित पारिश्रमिक समय पर नहीं मिल रहा।

कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से भी मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो वे और अधिक व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगी।

प्रदर्शन के दौरान आशा कार्यकर्ताओं ने “पांच माह की बकाया प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान करो” तथा “मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन जारी रहेगा” जैसे नारे लगाए।

इस अवसर पर सोमा चंद, सबिता देव, साहारा बेगम, रिंकू घोष, शिवानी देव, दीप्ति चौधरी, अनिता पाल, अर्चना पाल सहित बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता उपस्थित थीं।

Leave a Comment