आज का छोटा निवेश कल के लिए बड़ा उपहार : हिमानी तनेजा

डिब्रूगढ़: समय रहते किया गया छोटा निवेश भविष्य में वित्तीय सुरक्षा का बड़ा आधार बन सकता है। सही जानकारी और दीर्घकालिक योजना के साथ निवेश कर व्यक्ति अपने वित्तीय लक्ष्यों को बेहतर तरीके से हासिल कर सकता है। यह बात आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी की वरिष्ठ प्रशिक्षक, विशेषज्ञ वक्ता एवं प्रोडक्ट स्पेशलिस्ट हिमानी तनेजा ने रविवार को डिब्रूगढ़ में आयोजित निवेशक जागरूकता एवं वित्तीय शिक्षा कार्यक्रम ‘मनी मैटर्स’ में कही।

जेसीआई एलूमि क्लब इंडिया और खेमका इन्वेसकेयर एलएलपी के संयुक्त तत्वावधान में होटल सिग्नेट इन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को विभिन्न निवेश माध्यमों, वित्तीय योजना तथा निवेश संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं के प्रति जागरूक करना था।

हिमानी तनेजा ने कहा कि देश की करीब डेढ़ अरब आबादी में से केवल लगभग ३.८ प्रतिशत लोग ही वित्तीय बाजार में निवेश करते हैं। उन्होंने कहा कि कई लोग अपना पैसा डूबने की आशंका के कारण निवेश से दूर रहते हैं। ऐसे में वित्तीय जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।

उन्होंने एसआईपी, म्यूचुअल फंड, एफडी सहित विभिन्न निवेश विकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि निवेश को केवल अल्पावधि के नजरिये से नहीं देखना चाहिए। दीर्घकालिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए नियमित निवेश वित्तीय जरूरतों को पूरा करने में मददगार हो सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को वित्तीय योजना बनाने के व्यावहारिक तरीकों और निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के प्रारंभ में खेमका इन्वेसकेयर एलएलपी के पार्टनर विवेक खेमका ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘मनी मैटर्स’ का उद्देश्य किसी उत्पाद या सेवा की बिक्री करना नहीं, बल्कि लोगों को निवेशक जागरूकता एवं वित्तीय शिक्षा प्रदान करना है, ताकि वे अपनी जरूरतों और वित्तीय लक्ष्यों के अनुरूप सोच-समझकर निर्णय ले सकें।

इस अवसर पर जेसीआई एलूमि क्लब इंडिया की अध्यक्ष डॉ. ममता बुकलसरिया, खेमका इन्वेसकेयर एलएलपी के पार्टनर सुनील खेमका सहित बड़ी संख्या में आमंत्रित प्रतिभागी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने निवेश एवं वित्तीय प्रबंधन से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका हिमानी तनेजा ने विस्तार से जवाब दिया।

कार्यक्रम का संचालन नेहा जैन ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जेसीआई एलूमि क्लब इंडिया के सचिव अंकुश अग्रवाल ने किया।

अर्नब शर्मा
डिब्रूगढ़

Leave a Comment