गौतम सरकार, रामकृष्णनगर: रामकृष्णनगर कॉलेज परिसर में अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय के छात्रों के लिए करीब 7 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले छात्रावास का रविवार को शिलान्यास किया गया। स्थानीय विधायक विजय मालाकार ने भूमि पूजन कर छात्रावास निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। यह परियोजना प्रधानमंत्री अजय योजना के तहत असम के एससी एवं ओबीसी निदेशालय के माध्यम से स्वीकृत की गई है।
शिलान्यास के बाद रामकृष्णनगर कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन देवनाथ ने विधायक विजय मालाकार को उत्तरिया एवं उपहार भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक विजय मालाकार ने कहा कि रामकृष्णनगर कॉलेज में दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। आवागमन और आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि छात्रावास की मांग उन्होंने तत्कालीन मंत्री पीयूष हजारिका के समक्ष रखी थी, जिसके बाद इसे स्वीकृति मिली। प्रस्तावित छात्रावास में करीब 200 छात्र-छात्राओं के रहने एवं पढ़ाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
उन्होंने कहा कि रामकृष्णनगर क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास कार्य आगे बढ़ रहे हैं तथा रामकृष्णनगर में मेडिकल कॉलेज का कार्य भी जारी है।
कॉलेज के प्राचार्य अर्जुन देवनाथ ने छात्रावास की स्वीकृति के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विधायक ने रामकृष्णनगर कॉलेज के विकास के लिए लगातार पहल की है। उन्होंने विधायक द्वारा कॉलेज को भविष्य में महाविद्यालय के रूप में विकसित करने की घोषणा का भी स्वागत किया।
कार्यक्रम में करीमगंज कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रजत सुब्र पाल, रामकृष्णनगर कॉलेज गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष अभिजीत नाथ, भाजपा रामकृष्णनगर मंडल अध्यक्ष प्रीतम पाल, उपाध्यक्ष नूपुर साहा, देवाशीष दत्त, भैरवनगर मंडल भाजपा अध्यक्ष हीरेश विश्वास, वार्ड कमिश्नर संदीप दत्त, मोनिका वैद्य, अतसी भट्टाचार्य, मुन्ना दत्त चौधरी, निलय ज्योति सरकार, श्रीभूमि जिला भाजपा उपाध्यक्ष विश्वतोष सेन, रामकृष्णनगर मंडल महिला मोर्चा अध्यक्ष रितु सरकार सहित भाजपा कार्यकर्ता एवं कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।