मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर 9 जुलाई को ‘उद्यम जागरण यात्रा’ का शुभारंभ

प्रे.स. शिलचर, 6 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर 9 जुलाई को शिलचर में एमएसएमई मार्केटिंग बोर्ड की ओर से एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय अभियान ‘उद्यम जागरण यात्रा’ का भी शुभारंभ किया जाएगा।

सोमवार को शिलचर प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एमएसएमई मार्केटिंग बोर्ड के काछार जिला प्रबंधक मंजरी राय ने बताया कि कार्यक्रम 9 जुलाई को दोपहर 12 बजे काछार जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित होगा। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके माध्यम से ‘उद्यम जागरण यात्रा’ अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी।

कार्यक्रम के लिए गठित एडवाइजरी एंड कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष प्रोफेसर विभास देव ने कहा कि यह पहल ‘आत्मनिर्भर भारत’ तथा ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को जन-जन तक पहुंचाने और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

संवाददाता सम्मेलन में जुबेर मजुमदार, आमिर हुसैन लस्कर, अरूप रायचौधरी, एनामुल इस्लाम लस्कर, अंजन दास, रुपाली घोष, हितेश घोष, सुशांत राय सहित अन्य पदाधिकारी एवं आयोजक उपस्थित थे।

Leave a Comment