प्रीतम दास हाइलाकांदी १७ जून : आनेवाली NEET (UG) २०२६ परीक्षा के मद्देनज़र हाइलाकांदी जिले में प्रशासनिक तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिला आयुक्त अभिषेक जैन जैन (आईएएस) तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अमिताभ सिंहा ने जिले के परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हाइलाकांदी स्थित एस एस कॉलेज College तथा कटलीछड़ा स्थित एस के राय कॉलेज में स्थापित NEET (UG)२०२६ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा संचालन एवं सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं का गहनता से मूल्यांकन किया गया।निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के प्रवेश एवं निकास प्रबंधन, तलाशी प्रक्रिया, सीसीटीवी निगरानी, स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, परीक्षा केंद्रों के प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर जिला आयुक्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्धारित कस्टोडियन बैंक का भी निरीक्षण किया। वहां गोपनीय परीक्षा सामग्री की प्राप्ति, सुरक्षित भंडारण तथा परीक्षा केंद्रों तक वितरण की प्रक्रिया में अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों का जायजा लिया गया। परीक्षा की गोपनीयता निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सर्वोच्च स्तर की सतर्कता बरतने पर विशेष बल दिया गया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को (National Testing Agency )एनटीए द्वारा जारी दिशा निर्देशों तथा निर्धारित स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा के दिन कानून व्यवस्था बनाए रखने, यातायात प्रबंधन को सुचारु रखने अभ्यर्थियों के समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सुविधा सुनिश्चित करने तथा किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रशासन एवं पुलिस के बीच समन्वित कार्यवाही पर भी विशेष जोर दिया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि NEET (UG) २०२६ परीक्षा के प्रत्येक चरण में उच्चतम स्तर की सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ कार्य किया जा रहा है। अभ्यर्थियों के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं तथा परीक्षा को सफलतापूर्वक और निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है।