दुलार पा चमक उठे गायों के नेत्र

-प्यार दुलार से योगी ने खिलाया गो-ग्रास

अयोध्या, 10 नवंबर। दीपावली मिलन कार्यक्रम के बाद मंच से पैदल श्रीराम गोशाला पहुंचे गोरक्षपीठाधीश्वर व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दुलार पाकर गायों के नेत्र चमक उठे। योगी ने गायों को केला, गुड़ व पौस्टिक लड्डू खिलाकर उन्हें अपना प्यार दुलार समर्पित किया। 

दीपावली पर्व पर परंपरागत रूप से संतों से एक साथ मिलन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री द्वारा गो-ग्रास समर्पण भी कारसेवकपुरम की अपनी अलग परम्परा बनी है। गो-ग्रास समर्पण के लिए गोशाला व गायों को सजाया सवांरा गया था। गायों के रंभाने व उनके हिलने डुलने पर गले बंधी घंटियों की मधुर ध्वनि अवसर को शुभता प्रदान करती रहीं। संतों के साथ जलपान समाप्त होने पर योगी आदित्यनाथ टहलते हुए गोशाला पहुंचे और अपने हाथ से गायों को दुलारते हुए केला, गुड़ आदि खिलाया। इस दौरान किसी गऊ के मुंह से केला चरही में गिरा तो मुख्यमंत्री ने बिना किसी संकोच निर्विकार भाव से झुक कर उसे उठाया और देव भोग प्रतीक उसे गऊ को पुनः ग्रहण कराया। इस दौरान श्रीराम वेद विद्यालय के प्रधानाचार्य व छात्रगण वैदिक मंत्रोच्चार करते रहे जिससे गोशाला परिसर सनातन संस्कृति से ओतप्रोत रहा। वहां उपस्थित सभी कार्यकर्ता व विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी भारतीय परंपरागत परिधान धोती-कुर्ता धारण कर माहौल को पूरी तरह सांस्कृतिक बनाए रहे। लगभग 15 मिनट तक चले इस कार्यक्रम में सर्व प्रथम योगी आदित्यनाथ ने विधि विधान से गोपूजन किया और उसके बाद गो-ग्रास समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री के चेहरे की भावभंगिमा किसी भक्त से कम प्रतीत नहीं हो रही थी। 

इस अवसर पर मुख्य रूप से विहिप संरक्षक दिनेश चंद्र, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, क्षेत्र गोरक्षा प्रमुख प्रेमशंकर भारद्वाज,उमेश पोरवाल, वीरेंद्र वर्मा, आचार्य इंद्रदेव मिश्र, पुष्पदीप, अंकुर, राहुल, गोपाल पाण्डेय, आदि मौजूद रहे।

Leave a Comment