-राम मंदिर निर्माण रोकने वाले अब दूसरे हथकंडों से करना चाहते हैं बदनाम
अयोध्या, 10 नवंबर। कारसेवकपुरम् परिसर में 8 नवंबर को परंपरागत दीपावली मिलन कार्यक्रम में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संतों की तपस्या उनकी एकजुटता से अयोध्या समृद्ध हुई है। यहां कि गलियों में गोली और लाठी चलाने वाले इसे स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। दूसरे हथकंडे अपना कर हमारी समृद्धि व एकता नष्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। हमें मजबूती से मुकाबला करते हुए इस वोट बैंक की निकृष्ट राजनीति को बेनकाब करना होगा।
संत समाज के मध्य अपने विचार रखते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिस अयोध्या को 1947 में मिला आजादी व संविधान निर्माण के साथ ही सवंर जाना चाहिए था, वह अब तक उपेक्षित रही। कई पंचवर्षीय योजनाएं बीत गईं पर इस पर ध्यान देना किसी ने ठीक नहीं समझा। भव्य राम मंदिर निर्माण के बाद यहां इतना परिवर्तन हुआ कि देश ही नहीं विश्व के श्रद्धालु स्वतः स्फूर्त भाव से अयोध्या आते हैं। हमें इस मर्यादा को बचाए रखना है। पहले लोगों ने यहां की गलियों में गोली और लाठी चलाईं। आज अयोध्या की गलियां चौड़ी हैं, राम की पैड़ी का सुन्दर निर्माण हुआ है, जिसमें निरंतर जल प्रवाहित होता है। यहां से गुप्तार (गो-प्राप्तार) घाट तक सरयू तट पर घाटों की लंबी शृंखला है। दीपोत्सव पर होने वाला दीपों का प्रकाश अनवरत आगे बढ़ता रहेगा, तब तक अयोध्या व प्रदेश की समृद्धि को कोई रोक नहीं सकता है। आज अयोध्या लोगों को स्वतः आकर्षित कर रही है, राम की मर्यादा का शंखनाद हो रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लाठी गोली के आगे भी जब हमारा संकल्प नहीं डिगा और हम यही घोष करते रहे कि “लाठी गोली खाएंगे-मंदिर वहीं बनाएंगे”। इसके बाद वही लोग राम के विरुद्ध न्यायालयों में पैरवी करने लगे। उन्हें नहीं पता कि यहां के संतों की तपस्या उनके इरादे विफल कर देगी।
मुख्यमंत्री के साथ मंच पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव स्वामी गोविन्ददेव गिरी, दशरथ महल बड़ा स्थान के महंत विन्दुगद्याचार्य देवेंन्द्र प्रसादाचार्य जी महाराज मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन विश्व हिन्दू परिषद के केंद्रीय मंत्री व धर्माचार्य सम्पर्क प्रमुख अशोक तिवारी ने किया। मुख्य रूप से विहिप संरक्षक दिनेश चंद्र, पूर्व संगठन मंत्री वयोवृद्ध पुरुषोत्तम नारायण सिंह, केंद्रीय उपाध्यक्ष चम्पत राय, मंदिर न्यासी व निर्मोही अखाड़ा के महंत स्वामी दिनेन्द्र दास, एडवोकेट मदन मोहन पाण्डेय, मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र, विहिप क्षेत्रीय संगठन मंत्री गजेंद्र सिंह, केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज, गोपाल, अंबरीश, सहमंत्री हरिशंकर मौजूद रहे।