शिलचर, 31 अक्टूबर 2026: लायंस जिला 322जी के 2026-27 लायंस वर्ष की दूसरी कैबिनेट बैठक 31 अक्टूबर को शिलचर में जिला गवर्नर लायन मनोज भाजांका के कुशल नेतृत्व एवं अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कैबिनेट सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में संगठन के समग्र विकास एवं प्रगति के उद्देश्य से सदस्य संख्या बढ़ाने, नए क्लबों के गठन, नेतृत्व विकास, सेवामूलक गतिविधियों तथा एलसीआईएफ (LCIF) में योगदान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न जिला समन्वयकों ने अपने-अपने विभागों की गतिविधियों एवं प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
बैठक का एक विशेष आकर्षण लायन पायल भार्तिया के संपादन में प्रकाशित ‘Lions Imprint’ के दूसरे अंक का औपचारिक विमोचन रहा। जिला गवर्नर लायन मनोज भाजांका ने पत्रिका का लोकार्पण किया। इसके अलावा जिले की संगठनात्मक गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं गतिशील बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। कैबिनेट सचिव लायन प्रकाश सिकरिया के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई।
मुख्य कैबिनेट बैठक से पूर्व मानद समिति (Honorary Committee) तथा जिला निधि फाउंडेशन (DFF) की बैठकें आयोजित की गईं। इनमें जिले में लायनिज्म के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। साथ ही डीएफएफ अनुदान के लिए आवेदन करने वाले पात्र क्लबों की प्रस्तावित सेवामूलक परियोजनाओं के लिए आर्थिक सहायता भी मंजूर की गई।
इसके अतिरिक्त जोन चेयरपर्सन एवं जोन जीएटी समन्वयकों की एक महत्वपूर्ण जीएटी बैठक भी आयोजित हुई। जिला जीएलटी समन्वयक लायन दिलीप सराफ ने बैठक का संचालन किया। इसमें सदस्यता विस्तार, नए क्लबों का गठन, सेवामूलक गतिविधियों की रिपोर्टिंग तथा एलसीआईएफ में नियमित योगदान से जुड़ी समस्याओं एवं संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।
जिला गवर्नर लायन मनोज भाजांका, प्रथम उप जिला गवर्नर लायन राजेश अग्रवाल तथा द्वितीय उप जिला गवर्नर लायन सुजीत बखरेड़िया ने अपने महत्वपूर्ण सुझावों एवं मार्गदर्शन से चर्चा को सार्थक बनाया। उप कैबिनेट सचिव लायन संजीव चौधरी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ जीएटी बैठक का समापन हुआ।
इन बैठकों एवं विचार-विमर्श के माध्यम से लायंस जिला 322जी ने संगठन को मजबूत बनाने, नए नेतृत्व को विकसित करने तथा समाज के कल्याण के लिए अधिक प्रभावी सेवामूलक गतिविधियों का विस्तार करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।