गड़वार(बलिया)
थाना गड़वार क्षेत्र के कनैला हरिजन बस्ती नवीन पोखरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में पढ़ने वाले कक्षा चार का छात्र अरशद की सोमवार को विद्यालय के पास से गुजर रही 11 हजार केवी हाई-टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई थी जिसको लेकर मृतक अरशद के बड़े भाई मु.सलमान की लिखित तहरीर के आधार पर बीएनएस की धारा 105,198,3(5) के तहत मंगलवार को वांछित आरोपी गण सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के चेतन किशोर निवासी सहायक अध्यापक विजयशंकर पुत्र परिहार हरिजन, कोतवाली थाना क्षेत्र के निराला नगर निवासी सहायक अध्यापक अनिल कुमार पुत्र शिवधनी व गड़वार थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव निवासी शिक्षामित्र दीपचंद्र राम पुत्र कपिलदेव राम को उप निरीक्षक ओमप्रकाश यादव मय टीम के साथ गिरफ्तार कर आरोपीगणों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय चालान किया गया। बताते चलें कि थाना क्षेत्र के विसुकिया गांव निवासी इजहार के 12 वर्षीय पुत्र अरशद कनैला गांव के नवीन पोखरा हरिजन बस्ती स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार का छात्र था। रोज की भांति सोमवार को भी विद्यालय पढ़ने गया था। मृतक छात्र अरशद के परिजनों ने शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि विद्यालय के शिक्षक किचन की छत पर लौकी तोड़ने के लिए उसे भेज दिए।किसी तरह छत पर चढ़े अरशद की पास से गुजर रही 11हजार केवी हाई-टेंशन के तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई थी। मौके पर जुटे इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने हंगामा करना शुरू कर दिया था सूचना पर एसडीएम सदर, सीओ सीटी,बीएसए,खण्ड शिक्षाधिकारी सहित गड़वार, सुखपुरा,फेफना, चितबड़ागांव सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस फोर्स घटना स्थल पर पहुंच गई थी। हंगामा कर रहे ग्रामीण जिलाधिकारी को घटना स्थल पर बुलाने की मांग पर अड़े रहें। घटना स्थल पर मौजूद अधिकारियों द्वारा हंगामा कर रहे ग्रामीणों को कई घंटों बाद काफी समझाने बुझाने और उचित आश्वासन देने के बाद ग्रामीण मानें। मंगलवार को दोपहर बाद मृत छात्र अरशद की पोस्टमार्टम के बाद उसके विसुकिया गांव स्थित शव पहुंचने पर परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। वहीं मृतक के पिता मद्रास से फ्लाइट द्वारा घर पहुंचे। शव घर पहुंचने पर परिजनों की चित्कार सुन सबकी आंखे नम हो गई। मृत छात्र अरशद अपने माता-पिता के छह संतानों में सबसे छोटा था और वह काफी होनहार था।इस घटना को लेकर शिक्षकों व बिजली विभाग के प्रति पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त है।
वहीं घटना वाले कनैला स्थित प्राथमिक विद्यालय नवीन पोखरा में मंगलवार को ताला बंद रहा।इस बाबत एसडीआई विशाल यादव ने बताया कि शोक में विद्यालय बंद है।जल्द ही दूसरे स्टाफ की ड्यूटी लगाकर पढ़ाई शुरू कराई जाएगी।