चीनी की आड़ में हो रही थी कफ सिरप की तस्करी, कानपुर से त्रिपुरा ले जाया जा रहा था खेप
शिलचर, 3 नवंबर (रानू दत्त)। काछार जिले के बड़खोला स्थित बालाछड़ा टोलगेट को मादक पदार्थों की तस्करी के कॉरिडोर के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को बालाछड़ा टोलगेट पर चलाए गए तलाशी अभियान में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध कफ सिरप बरामद कर जब्त किया। इस मामले में ट्रक चालक और सहचालक को हिरासत में लिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़खोला थाना प्रभारी कुलेंद्र कुमार हुजुरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बालाछड़ा टोलगेट पर वाहनों की तलाशी शुरू की। इसी दौरान एमपी-33 एच-2083 नंबर के चीनी लदे एक ट्रक की तलाशी लेने पर पुलिसकर्मियों को बड़ी मात्रा में कफ सिरप मिला। ट्रक से कुल 470 कार्टन में रखी 47 हजार बोतल कफ सिरप बरामद की गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उक्त ट्रक उत्तर प्रदेश के कानपुर से कफ सिरप लेकर त्रिपुरा जा रहा था। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चीनी की खेप की आड़ में कफ सिरप की तस्करी की जा रही थी। हालांकि, बालाछड़ा टोलगेट पर पुलिस की सतर्कता से तस्करी की यह कोशिश विफल हो गई।
फिलहाल ट्रक चालक और सहचालक बड़खोला पुलिस की हिरासत में हैं। पुलिस बरामद कफ सिरप के स्रोत, तस्करी नेटवर्क में शामिल लोगों तथा इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान करने में जुटी है।
इस अभियान में थाना प्रभारी के अलावा सेकेंड ऑफिसर मनोराम कलिता, सब-इंस्पेक्टर सौरभ बरदलै, सब-इंस्पेक्टर कमलेन्दु देव सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल थे।