महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ
जिरीबाम, 7 अक्टूबर। स्थानीय समुदाय तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने और सुरक्षा बलों तथा आम जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से असम राइफल्स ने स्पीयर कोर के तत्वावधान में बुधवार को मणिपुर के जिरीबाम में ऑपरेशन सद्भावना के तहत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया।
शिविर में स्थानीय लोगों की उत्साहजनक भागीदारी रही। बड़ी संख्या में लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में 23 पुरुष, 35 महिलाएं तथा बड़ी संख्या में बच्चों ने स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त कीं।
विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों को उनके घरों के निकट आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में यह शिविर उपयोगी साबित हुआ। इसके साथ ही शिविर ने सुरक्षा बलों और स्थानीय नागरिकों के बीच सीधे संवाद का अवसर भी प्रदान किया, जिससे आपसी विश्वास और सहयोग को और मजबूती मिली।
असम राइफल्स के अनुसार, यह पहल दूरदराज और स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य, कल्याण और सामाजिक हितों के प्रति स्पीयर कोर एवं असम राइफल्स की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है। ऑपरेशन सद्भावना के माध्यम से स्थानीय समुदाय के साथ संपर्क बढ़ाने और जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।