राहु दत्त शिलचर, 8 अक्टूबर: बराक घाटी के निवेशकों को अधिक सुगम और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिलचर में यूटीआई म्यूचुअल फंड का कार्यालय नए रूप में फिर से शुरू किया गया। गुरुवार को शहर के एन.एन. दत्त रोड स्थित कंपनी के शिलचर कार्यालय के पुनः उद्घाटन के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
शिलचर में 17 वर्षों से सेवा प्रदान कर रहे इस कार्यालय को नए बुनियादी ढांचे और आधुनिक सेवा व्यवस्था के साथ पुनः सजाया गया है। फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में यूटीआई म्यूचुअल फंड के जोनल हेड (ईस्ट) अनिंद्य सेनगुप्ता, रीजनल हेड तारीफुल अमीन, क्लस्टर चीफ मैनेजर साहिल मेहबूब, रीजनल रिलेशनशिप मैनेजर रोमन आचार्य तथा नितीश रंजन देव सहित कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कंपनी की विभिन्न सेवाओं, निवेश के अवसरों तथा आम लोगों में म्यूचुअल फंड के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से दीर्घकालीन वित्तीय योजना के लिए निवेशकों को सोच-समझकर निर्णय लेने पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि अनिंद्य सेनगुप्ता ने कहा कि यूटीआई म्यूचुअल फंड पिछले 17 वर्षों से शिलचर में विश्वसनीयता के साथ कार्य कर रहा है। वर्ष 1963 में स्थापित इस संस्था का प्रमुख उद्देश्य आम लोगों को अपनी बचत को योजनाबद्ध तरीके से निवेश करने के प्रति जागरूक करना रहा है। समय के साथ निवेश के तरीके और तकनीक में बदलाव आया है। इसी बदलाव के अनुरूप शिलचर के निवेशकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कार्यालय को नए रूप में तैयार किया गया है।
रीजनल हेड तारीफुल अमीन ने कहा कि निवेश सेवाओं में डिजिटल तकनीक के उपयोग को और बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। नई तकनीक के माध्यम से ग्राहकों को सेवाएं अधिक तेज और आसान तरीके से उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि सिलचर और बराक घाटी की संभावनाओं को देखते हुए आने वाले दिनों में सेवाओं का विस्तार करने के साथ-साथ नई शाखाएं खोलने की भी योजना है।
कंपनी की ओर से बताया गया कि स्थानीय निवेशकों को विभिन्न निवेश योजनाओं के संबंध में आसानी से सलाह और सेवाएं मिल सकें, इस दिशा में विशेष ध्यान दिया जाएगा। साथ ही डिजिटल माध्यम से सेवाओं को अधिक पारदर्शी और सुलभ बनाने की पहल की जा रही है।
‘बेटर रिटर्न्स, ए ब्राइटर टुमॉरो’ के संदेश के साथ कार्यक्रम में दीर्घकालीन वित्तीय योजना के लिए सही निर्णय लेने का आह्वान किया गया। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार, बचत के साथ-साथ योजनाबद्ध निवेश की आदत विकसित करना भविष्य की वित्तीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।