नई नगर निगम में डिजिटल सेवाओं और आर्थिक आत्मनिर्भरता पर जोर

शिलचर। भाजपा नेता रसराज दास ने शिलचर नगर निगम के विस्तारित क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं के विस्तार, प्रशासन के डिजिटलकरण और नगर निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि कर संग्रह, साफ-सफाई, नागरिक शिकायतों और अन्य सेवाओं को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा सकता है। इससे प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ नागरिकों को सुविधाएं भी आसानी से मिलेंगी।

उन्होंने नगर निगम की आय बढ़ाने के लिए मार्केट कॉम्प्लेक्स, वाणिज्यिक ढांचे और अन्य नगरीय संपत्तियों के योजनाबद्ध उपयोग तथा विकास परियोजनाओं में बैंकों और वित्तीय संस्थानों की सहायता लेने की बात कही।

रसराज दास ने विस्तारित वार्डों में पेयजल, सड़क, जलनिकासी, आवास, उद्यान और संपर्क व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों से लिए जाने वाले कर का उचित प्रतिफल बेहतर सेवाओं के रूप में मिलना चाहिए।

Leave a Comment