उधारबंद। उधारबंद के गौसाईपुर में स्कूली विद्यार्थियों के माध्यम से एक सहकारी समिति का नोटिस वितरित कराए जाने के आरोप को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद गौसाईपुर नेहरू एमवी स्कूल के विद्यार्थियों को रंगपुर सहकारी समिति का नोटिस दिया गया, जिसे उन्होंने घर-घर जाकर अभिभावकों तक पहुंचाया।
मामले को लेकर गौसाईपुर तृतीय खंड के निवासी सईदुल इस्लाम बरभुइयां और मन्नान उद्दीन बरभुइयां ने उधारबंद थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक इफ्तिकार अहमद लस्कर पर विद्यार्थियों के माध्यम से नोटिस वितरित कराने का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का सवाल है कि सहकारी समिति के नोटिस बांटने के लिए छोटे स्कूली बच्चों का इस्तेमाल क्यों किया गया। उनका कहना है कि समिति की कोई सूचना होने पर माइक से प्रचार, पंचायत कार्यालय में नोटिस चस्पा करने या संबंधित सदस्यों की बैठक बुलाकर जानकारी दी जा सकती थी।
शिकायतकर्ताओं ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आरोपों को लेकर प्रधानाध्यापक इफ्तिकार अहमद लस्कर की प्रतिक्रिया अभी प्राप्त नहीं हो सकी है।