भाजपा ने जारी किया शिलचर नगर निगम चुनाव का संकल्प पत्र

स्वच्छ, आधुनिक और जलजमाव मुक्त शहर बनाने का किया वादा

शिलचर, 25 सितंबर। शिलचर नगर निगम के प्रथम चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को अपना ‘विकास संकल्प पत्र’ जारी किया। पार्टी नेताओं ने इसे केवल चुनावी घोषणा-पत्र नहीं, बल्कि शिलचर के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया।

संकल्प पत्र में शुद्ध पेयजल की स्थायी व्यवस्था, आधुनिक जल निकासी प्रणाली, जलजमाव की समस्या के समाधान के लिए मास्टर प्लान, प्रत्येक वार्ड में पक्की सड़कें एवं आधुनिक स्ट्रीट लाइट, वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छ शहर के निर्माण पर जोर दिया गया है।

इसके अलावा महिलाओं, युवाओं और व्यापारियों के लिए विशेष सुविधाएं एवं स्वरोजगार योजनाएं, नए पार्कों का निर्माण, भ्रष्टाचार मुक्त नगर निगम, यातायात जाम की समस्या के समाधान तथा सभी 42 वार्डों के समग्र विकास का उल्लेख किया गया है।

संकल्प पत्र जारी करने के कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, मंत्री जयंत मल्ल बरुआ, कौशिक राय और कृष्णेंदु पाल, सांसद परिमल शुक्लवैद्य, राज्यसभा सदस्य कणाद पुरकायस्थ एवं सुष्मिता देव, विधायक राजदीप राय, विजय मालाकार और किशोर नाथ, पूर्व विधायक दीपायन चक्रवर्ती, मिहिरकांति सोम और दिलीप कुमार पाल सहित पार्टी के उम्मीदवार एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

दिलीप सैकिया और जयंत मल्ल बरुआ ने कहा कि नगर निगम में भाजपा का बोर्ड बनने पर संकल्प पत्र में शामिल योजनाओं को लागू करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे।

शिलचर नगर निगम के पहले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच भाजपा के संकल्प पत्र जारी होने से पार्टी के चुनावी अभियान को और गति मिली है।

Leave a Comment