रंगपुर के वार्ड नंबर 5 में आयोजित हुआ पहला विजय संकल्प समावेश
शिलचर, 25 सितंबर। शिलचर नगर निगम चुनाव को लेकर चुनावी प्रचार में तेजी लाने के उद्देश्य से भाजपा ने रंगपुर के वार्ड नंबर 5 में अपना पहला ‘विजय संकल्प समावेश’ आयोजित किया। गुरुवार को श्यामाप्रसाद लेन से सटे मैदान में आयोजित इस सभा में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं उम्मीदवार उपस्थित रहे।
‘विकसित शिलचर, समृद्ध असम’ के नारे के साथ आयोजित सभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया तथा प्रदेश महासचिव ऋतुपर्ण बरुआ मुख्य रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा शिलचर नगर निगम के वार्ड नंबर 1 से 5 तक के पार्टी द्वारा नामित उम्मीदवार भी सभा में शामिल हुए।
सभा को संबोधित करते हुए दिलीप सैकिया ने शहरी विकास, नागरिक सुविधाओं तथा नगर निगम चुनाव को लेकर पार्टी के कार्यक्रम और नीतियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने शिलचर शहर के विकास तथा नागरिक सेवाओं को और मजबूत करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता एवं अधिवक्ता संजय ठाकुर ने किया। मंच पर पार्टी के उम्मीदवारों के साथ भाजपा के सांसद एवं विधायक भी मौजूद रहे।
शिलचर नगर निगम के पहले चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की गतिविधियां पहले ही तेज हो चुकी हैं। इसी क्रम में रंगपुर में आयोजित इस सभा के माध्यम से भाजपा ने अपने चुनावी अभियान को और गति देने का संदेश दिया।