पातीछड़ा में रोमांचक फुटबॉल फाइनल

ट्राईब्रेकर में भांडुल एफसी को 5-4 से हराकर मां काली ब्रदर्स ने जीती आशाधन केओट स्मृति ट्रॉफी

नीहार कांति राय, उधारबंद।

पातीछड़ा चाय बागान के फुटबॉल मैदान में आयोजित बहुप्रतीक्षित आशाधन केओट स्मृति नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। निर्धारित 90 मिनट में दोनों टीमों के बीच 1-1 की बराबरी के बाद मुकाबला ट्राईब्रेकर तक पहुंचा, जहां मां काली ब्रदर्स एफसी ने भांडुल एफसी को 5-4 से पराजित कर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

मैच की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक फुटबॉल का प्रदर्शन किया। पहले हाफ के 36वें मिनट में भांडुल एफसी के एक खिलाड़ी ने शानदार मौका भुनाते हुए मां काली ब्रदर्स के गोलकीपर को छकाकर गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचा दिया। गोल के बाद मुकाबले में रोमांच और बढ़ गया। बराबरी के लिए मां काली ब्रदर्स ने लगातार हमले किए, वहीं भांडुल एफसी ने भी जवाबी हमलों से कई अवसर बनाए, लेकिन पहले हाफ के बाद स्कोर में कोई बदलाव नहीं हुआ।

दूसरे हाफ में मां काली ब्रदर्स ने बराबरी के लिए अपना दबाव और बढ़ा दिया। आखिरकार दूसरे हाफ के 17वें मिनट में उन्होंने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने निर्णायक गोल के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन निर्धारित समय तक कोई और गोल नहीं हुआ। परिणामस्वरूप मैच का फैसला ट्राईब्रेकर से करने का निर्णय लिया गया।

ट्राईब्रेकर में दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर जबरदस्त दबाव रहा। हालांकि मां काली ब्रदर्स एफसी के खिलाड़ियों ने बेहतर संयम का परिचय देते हुए निर्णायक शॉट को गोल में बदल दिया। अंततः मां काली ब्रदर्स ने 5-4 से जीत दर्ज कर आशाधन केओट स्मृति नॉकआउट फुटबॉल टूर्नामेंट की चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

फाइनल मैच शुरू होने से पहले मुख्य अतिथि उधारबंद के विधायक राजदीप गोआला ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। इस अवसर पर पातीछड़ा चाय बागान के मैनेजर सौम्यदीप देबराय, सहायक मैनेजर शंकर तालुकदार, राजा मोहाली, हाथीछड़ा चाय बागान के मैनेजर महेश सिंह, सुनील तिवारी, कुंभा चाय बागान के सहायक मैनेजर प्रीतम बड़ाइक, उधारबंद जीपी सभानेत्री काकली कर, पानग्राम क्षेत्रीय पंचायत सदस्य अभिजीत आचार्य, शालगंगा जिला परिषद सदस्य दीप्ति शुक्लबैद्य तथा मंडल अध्यक्ष उमाशंकर भट्टाचार्य सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

मैच का संचालन रेफरी समीम बरभुइयां, हुसैन बरभुइयां, तम्बी सिंह और आजार अहमद चौधरी ने किया।

90 मिनट के रोमांचक मुकाबले के बाद ट्राईब्रेकर में जीत हासिल करते हुए मां काली ब्रदर्स एफसी ने आशाधन केओट स्मृति ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। मैच के समापन पर मुख्य अतिथि विधायक राजदीप गोआला सहित उपस्थित अतिथियों ने चैंपियन और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।

Leave a Comment