भाजपा से टिकट नहीं मिला तो वार्ड 39 से निर्दलीय मैदान में उतरे देवाशीष राय

शिलचर: भाजपा के लंबे समय से सक्रिय कार्यकर्ता एवं पूर्व आंचलिक पंचायत सदस्य देवाशीष राय को पार्टी से टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने शिलचर नगर निगम के 39 नंबर वार्ड से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। गुरुवार को उन्होंने समर्थकों के साथ शिलचर सरकारी उच्चतर बालक विद्यालय स्थित नामांकन केंद्र पहुंचकर अपना नामांकन पत्र जमा किया।

नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए देवाशीष राय ने कहा कि 39 नंबर वार्ड की जनता ने विकास के हित में उन्हें निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि वार्ड में कई महत्वपूर्ण समस्याएं हैं, जिनका समाधान कर क्षेत्र के समग्र विकास के उद्देश्य से वे जनता का आशीर्वाद लेकर चुनाव लड़ रहे हैं।

देवाशीष राय ने अपनी जीत के प्रति विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि जनता का समर्थन उन्हें अवश्य मिलेगा और वे चुनाव में विजयी होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने उनके साथ विश्वासघात किया है और चुनाव के माध्यम से वे इसका उचित जवाब देना चाहते हैं।

Leave a Comment