मेहनत करने पर सफलता निश्चित, लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहें विद्यार्थी : प्रदीप कुमार द्विवेदी

गौतम सरकार, रामकृष्णनगर, 10 सितंबर। श्रीभूमि जिले के हरिनगर स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय कला एवं शिक्षा समारोह का गुरुवार को समापन हुआ। समारोह में त्रिपुरा, मिजोरम, बराक घाटी एवं मणिपुर क्षेत्र के 27 जवाहर नवोदय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के दौरान शास्त्रीय एकल नृत्य, समूह नृत्य, लोक नृत्य, मूक अभिनय, क्षेत्रीय नृत्य, नाटक तथा आदिवासी नृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बुधवार को समारोह का शुभारंभ रामकृष्णनगर जिले के सीडीएसपी अंशुल शर्मा ने किया था। दो दिनों तक विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि श्रीभूमि के जिलाधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी थे। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से प्रभावित जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों को बधाई दी। विद्यालय की ओर से उनका सम्मान भी किया गया।

अपने संबोधन में जिलाधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी ने कहा कि उन्हें जवाहर नवोदय विद्यालय के इस सुंदर आयोजन में शामिल होकर काफी प्रसन्नता हुई। विभिन्न क्षेत्रों से आए विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी नवोदय विद्यालय के छात्र रहे हैं, इसलिए नवोदय विद्यालयों से उनका विशेष जुड़ाव है।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में प्रत्येक व्यक्ति का एक लक्ष्य होना चाहिए और उस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत तथा एकाग्रता जरूरी है। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर विशेष ध्यान देते हुए स्वयं को समाज में स्थापित करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मेहनत करने पर सफलता अवश्य मिलती है और लक्ष्य के प्रति दृढ़ रहकर निरंतर प्रयास करना चाहिए।

विद्यालय के प्राचार्य युगेश कुमार ने दो दिवसीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय समिति, शिलांग क्षेत्र का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से 27 नवोदय विद्यालयों के विद्यार्थियों की विभिन्न प्रतिभाओं को देखने का अवसर मिला। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आयोजन से जुड़े सभी लोगों को कार्यक्रम की सफलता के लिए बधाई दी।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। समूह नृत्य में जेएनवी चांदेल प्रथम, जेएनवी उनाकोटी द्वितीय तथा जेएनवी डिमा हसाओ तृतीय रहा। एकल नृत्य में जेएनवी श्रीभूमि हरिनगर की पूनम राय प्रथम, जेएनवी गोमती की अंतरा दास द्वितीय तथा जेएनवी डिमा हसाओ की संगीता राय तृतीय रहीं।

मूक अभिनय में जेएनवी श्रीभूमि प्रथम, जेएनवी लुंगलेई द्वितीय तथा जेएनवी सर्चिप तृतीय रहा। क्षेत्रीय नृत्य, आदिवासी नृत्य एवं अन्य नृत्य विधाओं में जेएनवी नॉर्थ त्रिपुरा प्रथम, जेएनवी श्रीभूमि हरिनगर द्वितीय तथा जेएनवी चांदेल तृतीय स्थान पर रहा।

प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका असम विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक सुजीत कुमार घोष, शोधार्थी नेहाल भट्टाचार्य तथा सहायक प्राध्यापक डॉ. मुरली वासन ने निभाई। विद्यालय की ओर से निर्णायकों को उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा रामकृष्णनगर स्टेट बैंक के प्रबंधक नीलांजन आचार्य तथा सांस्कृतिक कार्यकर्ता मृगांक दत्त चौधरी को भी सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में आमंत्रित अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के शिक्षक अनवार बड़भुइयां ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन शिक्षिका अमृता राय तथा शिक्षक ओसमान गनी चौधरी ने किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में देवश्री देब, मैस्नाम सुरजीत मेइतेई, प्रभाकर दे, सीमा कुमारी, नवजीत दत्त, चंदन बर्मन, विवेक कुमार यादव, वर्णाली दास, सुकांत घोष, वासिम रेजा, रत्ना भौमिक, सैयद जरीफा नईम, काश कुंडालाल सिंह, सापम मोनिटंबी देवी, विश्वजीत कुमार, ए. एस. राजीव चक्रवर्ती, एस. एस. ए. निशांत तथा जे. एस. ए. अभिजीत मल्लिक सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment