१२ सितंबर को डिब्रूगढ़ में मध्यदेशीय वैश्य महासभा का प्रांतीय अधिवेशन, गणिनाथ पूजनोत्सव भी होगा

डिब्रूगढ़: कानू समाज के कुलदेवता श्रीश्री गणिनाथ जी के पूजनोत्सव एवं मध्यदेशीय वैश्य महासभा, असम प्रदेश के प्रांतीय अधिवेशन का आयोजन आगामी १२ सितंबर को डिब्रूगढ़ के आन्दलय भवन में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

आयोजन को सफल बनाने के लिए डिब्रूगढ़ जिला समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जिला समिति के अध्यक्ष रूपनारायण साह, सचिव राजेंद्र गुप्ता (राजू), कोषाध्यक्ष विवेक गुप्ता तथा सलाहकार छोटोलाल गुप्ता और संतोष गुप्ता सहित विभिन्न समितियों के सदस्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।

आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं डिब्रूगढ़ के सांसद सर्वानंद सोनोवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा मध्यदेशीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं विधायक विजय गुप्ता, डिब्रूगढ़ के विधायक प्रशांत फुकन, राष्ट्रीय सचिव प्रफुल्ल गुप्ता, राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष विनय गुप्ता, राष्ट्रीय महिला अध्यक्षा डॉ. रिचायोग मई, सचिव कृति गुप्ता, असम प्रदेश अध्यक्ष अनिल गुप्ता तथा सचिव सरोज गुप्ता समेत कई पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

असम के विभिन्न जिलों से समाज के प्रतिनिधियों के भी अधिवेशन में पहुंचने की संभावना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले धर्म ध्वजा उत्तोलन, अभ्युदय गान, दीप प्रज्ज्वलन और कुलदेवता श्रीश्री गणिनाथ जी का पूजन किया जाएगा। इसके बाद प्रसाद वितरण, प्रतिनिधि सभा तथा समाज के वरिष्ठजनों एवं मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों ने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पूजनोत्सव एवं प्रांतीय अधिवेशन को सफल बनाने का आह्वान किया है। इस संबंध में जानकारी प्रांतीय मीडिया प्रभारी गोरख नाथ गुप्ता ने दी।

Leave a Comment