धोआरबंद, 23 अगस्त: बरखला विधानसभा क्षेत्र के रोजकांदी जीपी अंतर्गत साहापुर गांव में एकमात्र संपर्क मार्ग की पुलिया अचानक ढह जाने से करीब 300 परिवारों के सामने गंभीर आवागमन संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे साहापुर बागान एलपी स्कूल के सामने स्थित पुलिया अचानक टूटकर गिर गई।
ग्रामीणों ने बताया कि यह पुलिया गांव के लोगों के लिए आवागमन का मुख्य और एकमात्र साधन थी। पुलिया के एक ओर करीब 20-30 परिवार तथा दूसरी ओर लगभग 200 से 300 परिवार रहते हैं। पुलिया टूटने के बाद बरजालेंगा, रोजकांदी समेत आसपास के क्षेत्रों से गांव का संपर्क लगभग पूरी तरह बाधित हो गया है।
आवागमन बंद होने से स्कूली एवं कॉलेज के विद्यार्थियों को आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है। वहीं, किसी मरीज को अस्पताल ले जाना भी ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। ग्रामीणों ने बताया कि तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने बरखला विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोर नाथ से पुलिया की जल्द से जल्द मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्र के लोगों का आवागमन सामान्य हो सके।