लखनऊ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, लखनऊ दक्षिण भाग का बृहद एकत्रीकरण रविवार को आशियाना स्थित स्मृति उपवन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में दक्षिण भाग के 14 नगरों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। अर्जुन नगर से 50 से अधिक स्वयंसेवक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

एकत्रीकरण की शुरुआत आसन एवं व्यायाम से हुई। इसके पश्चात विभाग प्रचारक अनिल जी ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा वर्ग को संघ से जोड़ने के लिए उनके साथ निरंतर संवाद स्थापित करना आवश्यक है। उन्होंने सितंबर माह में प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए युवाओं के साथ संवाद एवं गोष्ठियों के आयोजन पर जोर दिया।
विभाग प्रचारक ने संघ की प्रारंभिक यात्रा का उल्लेख करते हुए नागपुर में पहली शाखा के प्रारंभ होने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए निरंतर प्रयास, धैर्य और समर्पण आवश्यक है। कार्यकर्ता को लक्ष्य प्राप्त होने तक सतत प्रयत्न करते रहना चाहिए।

कार्यक्रम में भाग संघचालक एवं सह प्रांत कार्यवाह सहित संघ के अन्य पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बृहद एकत्रीकरण के माध्यम से स्वयंसेवकों में संगठनात्मक ऊर्जा और सामाजिक कार्यों के प्रति सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया गया।