शिलचर, 1 अगस्त: शिलचर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल परिसर में शुक्रवार को दो एंबुलेंस चालकों के बीच पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई और कथित तौर पर चाकू से किए गए हमले में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस चालक राजू कर और बाप्पू लस्कर के बीच सबसे पहले पार्किंग को लेकर कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान बाप्पू लस्कर ने धारदार हथियार से राजू कर पर हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर के पांच से छह स्थानों पर गंभीर चोटें आईं।
घायल राजू कर को बचाने के लिए आगे आए कुछ सुरक्षा कर्मियों को भी इस दौरान चोटें लगीं। गंभीर रूप से घायल राजू कर को तत्काल शिलचर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बाप्पू लस्कर को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, बाप्पू लस्कर आताल बस्ती क्षेत्र का निवासी है, जबकि घायल राजू कर दुर्गापल्ली क्षेत्र के रहने वाले हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अस्पताल परिसर में स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।