शिलचर से रानू दत्त की रिपोर्ट
शिलचर। धोलाई वन विभाग ने अवैध रूप से बालू के परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए कई बालू लदे वाहनों को जब्त किया है। गुरुवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में वन विभाग के अधिकारियों ने चोरी-छिपे बालू ले जा रहे वाहनों को रोककर अपने कब्जे में लिया।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बालू खनन और उसके परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के मद्देनज़र निगरानी बढ़ाई गई थी। विशेष अभियान के दौरान पकड़े गए वाहनों के विरुद्ध वन एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित प्रचलित कानूनों के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
धोलाई वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन क्षेत्रों, नदियों तथा प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ भविष्य में भी नियमित रूप से अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्यावरण को नुकसान पहुँचाने वाली गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति या गिरोह को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उधर, वन विभाग की इस कार्रवाई का स्थानीय लोगों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से हो रहे अवैध बालू खनन के कारण नदियों का प्राकृतिक प्रवाह प्रभावित हो रहा है और पर्यावरणीय संतुलन भी बिगड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने पर्यावरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के हित में ऐसे अभियानों को और अधिक प्रभावी तथा निरंतर चलाने की मांग की है।