गुरु पूर्णिमा पर भाजपा नेता सतीश नागर का संदेश, लोगों से की नशा मुक्ति का संकल्प लेने की अपील

कहा, नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को तबाह कर देता।

गुड़गांव। सोनीपत जिले के एक गांव में गुरु पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी मजदूर प्रकोष्ठ हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय गुर्जर सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सतीश नागर उल्लावास ने बतौर अतिथि शिरकत की। इस धार्मिक एवं सामाजिक समारोह में आस—पास के अनेक गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु पहुंचे, जिनसे मिलकर वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश नागर ने अपनी खुशी जाहिर की और इस जुड़ाव को अपना सौभाग्य बताया। हरियाणा भर में नशा मुक्ति की अलख जगा रहे वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश नागर ने गुरु पूर्णिमा के इस मंच से भी युवाओं और ग्रामीणों को नशे के गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। उन्होंने समाज में पैर पसारते नशे के बढ़ते प्रभाव पर अपनी गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं का इस गर्त में गिरना उनके मन को बेहद पीड़ा पहुंचाता है।

वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश नागर ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार यह चाहती है कि हरियाणा सहित पूरे देश से नशे को पूरी तरह खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का दिन केवल भक्ति और श्रद्धा का ही नहीं, बल्कि जीवन में एक शुभ और सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर है। उन्होंने भावुक अपील करते हुए सभी लोगों, विशेषकर युवाओं से आग्रह किया कि इस पावन पर्व पर वे नशे से पूरी तरह दूर रहने का दृढ़ संकल्प लें। उन्होंने कहा कि लोग न केवल स्वयं नशे से दूर रहें, बल्कि अपने परिजनों, दोस्तों और आस—पास के लोगों को भी इसके चंगुल से बचाने के लिए प्रेरित करें, ताकि एक स्वस्थ और खुशहाल समाज का निर्माण किया जा सके।

वरिष्ठ भाजपा नेता सतीश नागर ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को तबाह कर देता है। इसलिए इस लड़ाई को केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता है। अखिल भारतीय गुर्जर सेवा संघ और भाजपा मजदूर प्रकोष्ठ लगातार जमीनी स्तर पर जाकर युवाओं को सही दिशा दिखाने और समाज से इस बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए प्रतिबद्ध है। अपने संबोधन में वरिष्ठ भाजपा नेता ने युवाओं की ऊर्जा का उल्लेख करते हुए कहा कि युवा ही देश और प्रदेश का भविष्य हैं। यदि हमारी युवा शक्ति नशे के अंधकार में भटक जाएगी, तो समाज के विकास की गति थम जाएगी। उन्होंने युवाओं से अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया ताकि हरियाणा को एक नशा-मुक्त और प्रगतिशील राज्य बनाया जा सके।

Leave a Comment