शिलचर के ऐतिहासिक श्रीश्री अंबिकेश्वर शिव मंदिर में 18वां स्थापना दिवस श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया

शिलचर, 25 जुलाई। शिलचर के अंबिकापट्टी स्थित ऐतिहासिक श्रीश्री अंबिकेश्वर शिव मंदिर में शुक्रवार को मंदिर का 18वां स्थापना दिवस सनातन धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्वक मनाया गया।

इस अवसर पर सुबह से ही भगवान विष्णु एवं भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक संगीत तथा हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक करीब एक हजार श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। इसके अलावा राहगीरों और उपस्थित लोगों के बीच ठंडा शरबत भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम में मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोतोष पाल, मुख्य सलाहकार निहार रंजन पाल, कानूनी सलाहकार सुब्रत भट्टाचार्य सहित समिति के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

समिति के सदस्यों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन युवा पीढ़ी में धर्म और संस्कृति के प्रति श्रद्धा एवं जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सामाजिक सहयोग और एकजुटता को भी मजबूत करते हैं।

Leave a Comment