पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि (असम) में अभिभावक-शिक्षक परिषद (PTC) की आम सभा का सफल आयोजन

श्रीभूमि (असम), 25 जुलाई 2026:

आज दिनांक 25 जुलाई 2026 को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, श्रीभूमि (असम) में अभिभावक-शिक्षक परिषद (PTC) की जनरल हाउस बैठक का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों ने सुमधुर स्वागत गीत और मनमोहक पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।

विद्यालय के प्राचार्य श्री योगेश कुमार ने सभा में पधारे सभी अभिभावकों का हार्दिक स्वागत किया। उन्होंने सत्र 2025-2026 के दौरान विद्यालय में आयोजित विभिन्न शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक एवं खेलकूद गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की और विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय के शिक्षक श्री अनवर हुसैन लस्कर (बारभुइयां) ने PTC के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सत्र 2026-2027 के लिए नई अभिभावक-शिक्षक परिषद (PTC) का गठन कराया। इस अवसर पर विद्यालय प्रशासन द्वारा असम की परंपरा के अनुसार पारंपरिक गामोछा भेंटकर नए तथा पुराने PTC सदस्यों को सम्मानित किया गया।

बैठक के दौरान PTC सदस्यों ने विद्यार्थियों को एक सुरक्षित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने के लिए विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

सभा का सफल मंच संचालन श्री उस्मान गनी चौधरी (PGT अंग्रेजी) द्वारा किया गया। अंत में विद्यालय के उप-प्राचार्य श्री के. मणींद्र सिंह ने सभी उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और कर्मचारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बैठक के समापन की घोषणा की।

इस अवसर पर श्री एम. एस. मैतेई, श्री प्रभाकर दे, श्रीमती सीमा कुमारी, श्रीमती रत्ना भौमिक, श्री श्रीकांत देब सहित विद्यालय के अन्य सम्मानित शिक्षक एवं कर्मचारी गण विशेष रूप से उपस्थित रहे।

Leave a Comment