कोकराझार में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की घर वापसी रथ यात्रा, उमड़ा आस्था का जनसैलाब

​कोकराझार 24 जुलाई :

कोकराझार जिले के फकीराग्राम में शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ की घर वापसी (बहुड़ा) रथ यात्रा पूरी श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ संपन्न हुई। फकीराग्राम के रेलवे कॉलोनी स्थित लोकनाथ बाबा मंदिर से रथ आयोजक समिति के तत्वावधान में आयोजित इस यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

​’जय जगन्नाथ’ के जयकारों से गूंजा फकीराग्राम

​दोपहर चार बजे शुरू हुई इस रथ यात्रा में भगवान जगन्नाथ के दर्शन पाने के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। पूरा क्षेत्र ‘जय जगन्नाथ’ के उद्घोष से गूंज उठा और हर कोई भक्ति रस में सराबोर नजर आया। इस दौरान भक्तों में रथ की पवित्र रस्सी को खींचने के लिए होड़ मची रही। लोगों की अटूट मान्यता है कि रथ की रस्सी खींचने मात्र से मनुष्य के सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।

​रथ यात्रा का मार्ग

​फकीराग्राम बाजार के मुख्य मार्गों से होते हुए यह रथ यात्रा अपने निर्धारित पड़ाव से गुजरी। यात्रा सबसे पहले राधा-गोबिंदो मंदिर पहुंची, वहां से पुराणबाजार दुर्गा मंदिर होते हुए अंत में कुमारगंज में जाकर पूरी हुई।

​भीषण गर्मी में सेवार्थ आगे आए स्थानीय लोग

​इस पावन अवसर पर स्थानीय निवासियों ने सेवा भाव का अनूठा उदाहरण पेश किया। चिलचिलाती और भीषण गर्मी के बीच यात्रा मार्ग पर जगह-जगह भक्तों के लिए शीतल जल, शरबत और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिसकी सभी ने भूरी-भरी प्रशंसा की।

​सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

​रथ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। पूरे मार्ग पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी, ताकि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्ण ढंग से भगवान की एक झलक पा सकें और उत्सव हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो सके।

GOPAL PRASAD

KOKRAJHAR , ASSAM

Leave a Comment