बेकाबू ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार मजदूर की दर्दनाक मौत, परिवार का इकलौता सहारा छिना

संवाददाता गड़वार (बलिया), 10 जुलाई।
गड़वार थाना क्षेत्र के गड़वार-फेफना मार्ग पर स्थित गढ़िया (सरयां) गांव के समीप शुक्रवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर चालक की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।

मिली जानकारी के अनुसार, कनैला गांव निवासी दिनेश कुमार वर्मा (42) पुत्र रामचंद्र वर्मा बाइक से गड़वार से अपने गांव लौट रहे थे। गांव से लगभग 500 मीटर पहले गढ़िया (सरयां) के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन को चांदपुर पुलिया के पास छोड़कर फरार हो गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने गड़वार-फेफना मार्ग पर सरयां के समीप जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा दिया जाए तथा अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा, नायब तहसीलदार प्रदीप कुमार यादव तथा थाना प्रभारी हितेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन स्तर पर नियमानुसार सहायता, चालक की शीघ्र गिरफ्तारी तथा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लगभग एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।

बताया जाता है कि मृतक दिनेश कुमार परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे और मजदूरी कर पत्नी, तीन पुत्रियों तथा एक पुत्र का पालन-पोषण करते थे। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी शैल देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर अज्ञात ट्रेलर चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Comment