प्रे.स. शिलचर, 6 जुलाई। कैवर्त डेवलपमेंट फाउंडेशन की मासिक बैठक रविवार शाम को संगठन के अध्यक्ष सजल कांति दास की अध्यक्षता में शिलचर में आयोजित हुई। बैठक में संगठन के विस्तार और समाज के सर्वांगीण विकास को गति देने के उद्देश्य से पूरे असम में शीघ्र जिला स्तर पर इकाइयों (जिला यूनिट) के गठन का निर्णय लिया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि राज्यभर में जिला इकाइयों के गठन की प्रक्रिया को तेज, व्यवस्थित और प्रभावी बनाने के लिए तीन सदस्यीय विशेष समिति का गठन किया जाएगा। यह समिति जिला इकाइयों के गठन की रूपरेखा तैयार करेगी, स्थानीय प्रतिनिधियों का चयन करेगी तथा आवश्यक प्रारंभिक औपचारिकताओं को पूरा करने की जिम्मेदारी निभाएगी। समिति को अपने कार्यों के सफल क्रियान्वयन के लिए आवश्यक अधिकार एवं संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
बैठक में समाज के उन वर्गों के लिए विकासोन्मुख कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई, जो अब तक विभिन्न सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ नहीं उठा सके हैं। वक्ताओं ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण तथा बेरोजगारी जैसी प्रमुख चुनौतियों के समाधान के लिए लक्षित योजनाएं शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया। इसी उद्देश्य से चालू माह से पूरे राज्य में संगठन की विकासात्मक गतिविधियों का विस्तार करने की योजना बनाई गई।
अध्यक्ष सजल कांति दास ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक एवं सामाजिक रूप से पिछड़े लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि जिला इकाइयों के गठन से स्थानीय समस्याओं की पहचान कर उनका त्वरित समाधान संभव होगा। उन्होंने विशेष समिति से समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा कर विकास योजनाओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने स्थानीय स्तर पर स्वयंसेवी नेटवर्क को मजबूत बनाने, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यशालाओं एवं जनजागरूकता अभियान आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन, संसाधन एवं निधि संग्रह तथा जरूरतमंद लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने जैसे कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने का निर्णय भी लिया गया।