ताजउद्दीन बड़भुइयां की द्वितीय पुण्यतिथि पर पत्रकारिता सम्मान, बराक के विकास कार्यों में तेजी की मांग

प्रे.स. शिलचर, 5 जुलाई। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजचिंतक ताजउद्दीन बड़भुइयां की द्वितीय पुण्यतिथि पर रविवार को शिलचर प्रेस क्लब में आयोजित स्मृति सभा में वक्ताओं ने बराक घाटी के लिए घोषित सभी विकास परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। “बराक घाटी का विकास और समाचार माध्यम” विषय पर आयोजित चर्चा में मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक पार्क, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, संग्रहालय, चिड़ियाघर, पर्यटन एवं औद्योगिक परियोजनाओं सहित अधूरी योजनाओं को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में बराक नागरिक संसद की ओर से ‘ताजउद्दीन बड़भुइयां स्मारक पत्रकारिता पुरस्कार’ वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘बराकवाणी’ के संपादक निखिल दास को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र, कलम और सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया।

शिलचर प्रेस क्लब के महासचिव शंकर दे, गांधी शांति प्रतिष्ठान के महासचिव अशोक कुमार देव, समाजसेवी सुजीत कुमार देव सहित अन्य वक्ताओं ने बराक घाटी में सड़कों, परिवहन, पर्यटन और आधारभूत संरचना के विकास में तेजी लाने की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने ताजउद्दीन बड़भुइयां की निष्पक्ष, ईमानदार और जनपक्षधर पत्रकारिता को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

सम्मान ग्रहण करते हुए निखिल दास ने कहा कि वर्ष 1994 से पत्रकारिता से जुड़े रहने के दौरान उन्होंने हमेशा सामाजिक दायित्व को प्राथमिकता दी है और यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा देगा। कार्यक्रम में रवींद्र संगीत की प्रस्तुति भी दी गई।

Leave a Comment