मोहर्रम के अवसर पर समाजसेवी अब्दुल सलाम लश्कर ने जेल के कैदियों को भेंट कीं 40 मच्छरदानियां

सिप्रीयान डायास हाइलाकांदी, 27 जून। पवित्र मोहर्रम पर्व के उपलक्ष्य में हाइलाकांदी जिले के समाजसेवी अब्दुल सलाम लश्कर (उर्फ मोनाई ड्राइवर) ने जिला कारागार के कैदियों के लिए 40 मच्छरदानियां भेंट कर सामाजिक सरोकार का परिचय दिया।

शनिवार को उन्होंने जिला कारागार पहुंचकर जेल प्रशासन से मुलाकात की और कैदियों के उपयोग हेतु मच्छरदानियां उपलब्ध कराने की इच्छा व्यक्त की। सुरक्षा नियमों के कारण वे जेल परिसर के भीतर नहीं जा सके, इसलिए उन्होंने जेल अधीक्षक संतोष गोस्वामी एवं जेलर हितेश चौधरी को 40 मच्छरदानियां सौंप दीं।

इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में अब्दुल सलाम लश्कर ने कहा कि मोहर्रम का संदेश मानवता, सेवा और भाईचारे का है। इसी भावना के तहत उन्होंने जेल में निरुद्ध कैदियों के लिए मच्छरदानियों का वितरण कराया।

जेल अधीक्षक संतोष गोस्वामी ने इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्राप्त सभी 40 मच्छरदानियां तत्काल कैदियों के बीच वितरित कर दी गई हैं। उन्होंने समाजसेवी अब्दुल सलाम लश्कर के इस सराहनीय योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

– सिप्रीयान डायास, हाइलाकांदी

Leave a Comment