भुवनेश्वरी देवी फाउंडेशन ने 150 जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित किए छाते

शिलचर, 27 जून। वर्षा ऋतु में ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में होने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए भुवनेश्वरी देवी फाउंडेशन ने शुक्रवार को 150 छात्र-छात्राओं के बीच छातों का वितरण किया।

यह कार्यक्रम शिलचर स्थित रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी द्वारा संचालित लखीपुर विधानसभा क्षेत्र के लांगलाछड़ा तथा बड़खोला विधानसभा क्षेत्र के चंद्रनाथपुर स्थित शिक्षण केंद्रों में आयोजित किया गया। फाउंडेशन की ओर से विद्यार्थियों को बरसात में सुरक्षित रूप से विद्यालय आने-जाने के लिए छाते प्रदान किए गए।

इस अवसर पर फाउंडेशन के प्रतिनिधि विश्वराज चक्रवर्ती ने कहा कि संस्था प्रत्येक वर्ष दूरदराज़ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए वर्षा ऋतु में छातों का वितरण करती है। उन्होंने बताया कि पिछले पाँच वर्षों से भुवनेश्वरी देवी फाउंडेशन विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के कल्याण के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यों को निरंतर संचालित कर रही है और भविष्य में भी यह सेवा जारी रहेगी।

रामकृष्ण विवेकानंद सोसाइटी के सचिव सुप्रदीप दत्त राय ने फाउंडेशन के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सोसाइटी की सदस्य इंद्राणी भट्टाचार्य ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से नियमित रूप से शिक्षण केंद्र आने का आग्रह करते हुए कहा कि इस पहल की वास्तविक सफलता तभी होगी, जब बच्चे निरंतर शिक्षा से जुड़े रहेंगे।

कार्यक्रम में शिलचर के प्रख्यात व्यवसायी सुभाष भट्टाचार्य सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Comment