चाय बागान श्रमिकों को भूमि अधिकार दिलाना ऐतिहासिक कदम : विधायक राजदीप ग्वाला 

उधारबंद, 17 जून। उधारबंद के विधायक राजदीप ग्वाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चाय बागान क्षेत्रों में रहने वाले श्रमिक परिवारों को भूमि पट्टा प्रदान किया जाना एक ऐतिहासिक निर्णय है, जिससे स्वतंत्रता के 77 वर्ष बाद चाय श्रमिकों को उनके वैध अधिकारों की मान्यता मिली है।

मंगलवार को टिकल स्थित जगन्नाथ स्किल सेंटर एवं जगन्नाथ मंदिर परिसर में उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के हैप्पी वैली सर्कल के विभिन्न चाय बागान पंचायतों एवं श्रमिकों द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राजदीप गोवाला ने यह बात कही। इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता सिद्धू कालिंदी ने की।

अपने संबोधन में विधायक गोवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री हिमंत विश्वशर्मा के नेतृत्व में केंद्र एवं राज्य सरकार चाय बागान श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले श्रमिकों को मिलने वाली मजदूरी परिवार के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने दैनिक मजदूरी में उल्लेखनीय वृद्धि कर श्रमिकों को आर्थिक राहत प्रदान की है।

उन्होंने कहा कि चाय बागान क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मॉडल हाई स्कूल स्थापित किए गए हैं, वहीं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु उप-स्वास्थ्य केंद्रों और मोबाइल चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था की गई है। सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी व्यापक विकास हुआ है, जिससे चाय बागान क्षेत्रों की तस्वीर बदली है।

विधायक ने कहा कि आज चाय बागान की सांस्कृतिक पहचान, विशेषकर झूमुर नृत्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अब युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से चाय बागान समुदाय के शिक्षित युवक-युवतियों को लाभ पहुंचा है।

राजदीप गोवाला ने कहा कि प्रधानमंत्री की विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास आवश्यक है। उन्होंने उधारबंद विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में जनता से निरंतर सहयोग की अपील की।

समारोह में कछार चाय श्रमिक यूनियन के सह-सचिव सुरेश बड़ाइक एवं क्षीरोद कर्मकार, बराक वैली चाय युवा कल्याण समिति के अध्यक्ष बिजू कर्मकार, जिला परिषद सदस्य रोहित सिंह एवं दीप्ति शुक्लवैद्य, पातिछड़ा चाय बागान के प्रबंधक राजा मोहाली, उधारबंद ब्लॉक आंचलिक पंचायत के अध्यक्ष सुमन केवट, शालगंगा जीपी की सभानेत्री लाखी एस. चौधरी, कछार चाय श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष लालन प्रसाद गोवाला, समन्वयक उदित चौबे सहित विभिन्न चाय बागानों के पंचायत प्रतिनिधि एवं श्रमिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Comment